हुसैन अल मुल्ला
शारजाह के उपशासक और शारजाह मीडिया काउंसिल के चेयरमैन, महामहिम शेख सुलतान अहमद बिन सुलतान अल कासिमी ने पीपल्स रिपब्लिक ऑफ़ चाइना के शांघाई शहर में स्थित Huawei के रिसर्च और डेवलपमेंट सेंटर तथा शांघाई मीडिया ग्रुप (SMG) का दौरा किया.
महामहिम ने Huawei विलेज का दौरा किया, जो 2.2 मिलियन वर्ग मीटर में फैला हुआ है और यहाँ 100 से भी ज़्यादा इमारतें और प्रयोगशालाएँ हैं, जहाँ 30,000 से भी ज़्यादा लोग काम करते हैं। उन्होंने विलेज के मास्टर प्लान और कंपनी की व्यावसायिक रणनीति तथा प्रोडक्ट डेवलपमेंट में मदद करने वाले वहाँ के प्रमुख केंद्रों का जायज़ा लिया। उन्होंने आला दर्जे के मानकों के अनुसार निर्मित इमारतों की विशेषताओं तथा कर्मचारियों को प्रदान की जाने वाली विभिन्न तरह की सेवाओं, जैसे कि रेस्टोरेंट्स, कैफ़े, एंटरटेनमेंट वेन्यू और रेस्ट एरिया पर भी गौर किया। इस सेंटर तक ट्रेन, बस, बोट या इलेक्ट्रिक साइकिल के ज़रिए भी आसानी से पहुँचा जा सकता है।
इसके बाद महामहिम ने R&D सेंटर का दौरा किया, जहाँ उन्हें सेंटर की रणनीति तथा वहाँ के रिसर्च और डेवलपमेंट फ़्रेमवर्क की संक्षिप्त जानकारी दी गई। उन्हें वहाँ के विशिष्ट तकनीकी केंद्रों और प्रयोगशालाओं की जानकारी दी गई, जहाँ कई अलग-अलग अहम क्षेत्रों के लिए मददगार तकनीकी समाधान विकसित किए जाते हैं।
महामहिम को मीडिया क्षेत्र, स्मार्ट शहरों, सुरक्षा सिस्टम, डेटा स्टोरेज और आर्टिफ़िशियल इंटेलिजेंस जैसे क्षेत्रों में मदद करने वाली डिजिटल इन्फ़्रास्ट्रक्चर से जुड़ी नवीनतम तकनीकों और समाधानों की संक्षिप्त जानकारी दी गई और यह भी बताया गया कि वे कार्यक्षमता, गुणवत्ता और सेवाओं की सस्टेनेबिलिटी को बढ़ाने के लिए किस तरह की क्षमताएँ ऑफ़र करते हैं। उन्होंने सबसे अहम रिसर्च प्रोजेक्ट्स और कम्युनिकेशन टेक्नोलॉजी, स्मार्ट सिस्टम तथा डिजिटल समाधान विकसित करने में Huawei की भूमिका और उसके द्वारा मानव पूँजी तथा दुनिया भर से विशेषज्ञों को आकर्षित करने की दिशा में किए जा रहे निवेश की व्याख्या को भी ध्यान से सुना।
Huawei के प्रतिनिधियों के साथ हुई एक मीटिंग के दौरान, महामहिम ने R&D में अंतरराष्ट्रीय अनुभवों का फ़ायदा उठाने के महत्त्व पर ज़ोर दिया। उन्होंने तकनीकी प्रगति के साथ ताल-मेल बनाए रखने और तकनीक के ज़रिए मीडिया सेक्टर को विकसित करके उसकी क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतिस्पर्धात्मकता को बढ़ाने की शारजाह की प्रतिबद्धता का भी ज़िक्र किया, जिससे मीडिया इनोवेशन और कंटेंट क्रिएशन के एक अग्रणी केंद्र के रूप में शारजाह की स्थिति मज़बूत होगी।
इस मीटिंग में मीडिया इन्फ़्रास्ट्रक्चर के विकास में उन्नत तकनीकी समाधानों के इस्तेमाल को बढ़ावा देने के लक्ष्य के साथ शारजाह अमीरात के मीडिया सेक्टर और Huawei रिसर्च व डेवलपमेंट के बीच आपसी सहयोग की संभावनाओं पर विचार किया गया। इसमें कंटेंट क्रिएशन और मीडिया पेशेवरों के सशक्तिकरण के लिए आर्टिफ़िशियल इंटेलिजेंस, क्लाउड कंप्यूटिंग की मदद लेना शामिल है।
महामहिम ने 'शांघाई मीडिया ग्रुप' का भी दोरा किया, जिसके अत्याधुनिक स्टूडियो और इंटेलिजेंट कंटेंट मैनेजमेंट सिस्टम का उपयोग करने वाले डिजिटल प्रोडक्शन तथा प्रसारण केंद्रों सहित आठ टेलीविज़न चैनल, आठ रेडियो स्टेशन, चार पत्रिकाएँ और अखबार तथा ग्यारह सशुल्क ऑनलाइन चैनल हैं।
महामहिम को ग्रुप के चार डिजिटल प्लैटफ़ॉर्म्स के बारे में संक्षिप्त जानकारी दी गई, जिसमें से एक प्लैटफ़ॉर्म टेलीविज़न कार्यक्रमों और फ़िल्मों का प्रसारण करता है, दूसरे पर पूरे चीन में रेडियो प्रसारण सेवा चलाई जाती है, तीसरे पर स्थानीय और अंतरराष्ट्रीय समाचार को लाइव फ़ॉलो किया जा सकता है, जबकि चौथे प्लैटफ़ॉर्म पर आर्थिक और वित्तीय ट्रांज़ैक्शन्स का ताज़ा हाल बताया जाता है, जो बाज़ार और निवेश में दिलचस्पी रखने वालों को सेवाएँ देता है।
महामहिम ने स्टूडियो का भी दौरा किया और प्रसारण तथा लाइव ट्रांसमिशन तकनीकों के साथ-साथ, बाहर मौजूद ब्रॉडकास्ट वैन्स का भी जायज़ा लिया, जिनका इस्तेमाल प्रमुख इवेंट्स को कवर करने के लिए किया जाता है, खास तौर पर खेल से जुड़े इवेंट्स, जैसे कि ओलंपिक गेम्स, जिन्हें हाई-डेफ़िनिशन 4K रेज़ोल्यूशन में फ़िल्माया और प्रसारित किया जाता है।
महामहिम ने ग्रुप के डायरेक्टर जनरल और कई अधिकारियों के साथ एक मीटिंग की, जिसके दौरान उन्होंने मीडिया मैनेजमेंट के तरीकों की सराहना की और संयुक्त सहयोग की संभावानाओं पर चर्चा की। उन्होंने मीडिया कंटेंट को बेहतर बनाने और सकारात्मक मूल्यों को बढ़ावा देने की अहमियत पर ज़ोर दिया। इस मौके पर, शारजाह मीडिया सिटी प्रोजेक्ट और "Shams" स्टूडियो का प्लान भी प्रस्तुत किया गया।
ये दौरे अंतरराष्ट्रीय तकनीकी संस्थानों और कंपनियों के साथ आपसी सहयोग के रिश्ते मज़बूत करने और इनोवेशन, वैज्ञानिक रिसर्च तथा तकनीकी विकास से जुड़े सबसे अच्छे तौर-तरीकों के बारे में जानने की कोशिशों का हिस्सा हैं, जिनसे शारजाह अमीरात में मीडिया सेक्टर को विकसित करने में मदद मिलेगी।
महामहिम के साथ शारजाह अमीरात की कई मीडिया इकाइयों के अधिकारी भी मौजूद थे।
हुसैन अल मुल्ला